5 जनवरी 2024 - 05:04
अमेरिका का आरोप, रूस को मिसाइल दे रहे हैं उत्तर कोरिया और ईरान

अमेरिकी खुफिया विभाग के मुताबिक ईरानी मिसाइलें अभी तक रूस नहीं पहुंची हैं, लेकिन जल्दी ही ये डील फाइनल हो जाएगी।

अमेरिका ने उत्तर कोरिया और रूस के रिश्तों पर सवाल उठाते हुए कहा कि रूस दुनिया से अलग थलग पड़ गया है और वह इस लिए उत्तर कोरिया से नज़दीकी बढ़ा रहा है।

अमेरिका ने कहा है कि वह उत्तर कोरिया के साथ रूस के हथियार डील के मामले को अंतरराष्ट्रीय हथियार प्रतिबंध के उल्लंघन के रूप में संयुक्त राष्ट्र में ले जाएगा, साथ ही हथियारों के हस्तांतरण को सुविधाजनक बनाने में शामिल लोगों पर प्रतिबंध लगाएगा। अमेरिका ने कहा है कि रूस दुनिया में अलग पड़ जाने की वजह से उत्तर कोरिया जैसे देशों की तरफ गया है।

व्हाइट हाउस ने अपने बयान में कहा है कि उत्तर कोरिया ने यूक्रेन के खिलाफ इस्तेमाल के लिए रूस को बैलिस्टिक मिसाइलें मुहैया कराईं हैं। रूस ने यूक्रेन पर हमला करने के लिए उत्तर कोरिया से आई बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल करना शुरू भी कर दिया है। अमेरिका ने यह भी कहा कि रूस कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें खरीदने के लिए ईरान से भी बातचीत कर रहा है। अमेरिकी खुफिया विभाग के मुताबिक ईरानी मिसाइलें अभी तक रूस नहीं पहुंची हैं, लेकिन जल्दी ही ये डील फाइनल हो जाएगी।